खूंटा गाड़ने को लेकर शुक्रवार सुबह सगे भाइयों में जमकर मारपीट हो गई जिसमें दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत सात लोगों को चोटें आई। शिकायत पर पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा है।
जहांगीराबाद के ग्राम गोदहा निवासी अवधराम अपने भाई सतनाम के घर के पास जमीन पर जानवर बांधता था। शुक्रवार को वह उसी स्थान पर खूंटा लगा रहा था। जिसका विरोध करते हुए उसके भाई सतनाम यादव ने कहा कि यह जमीन उसकी है। दोनों भाइयों में कहासुनी होने लगी। इतने में सतनाम की पुत्री सीमा ने अपनी चाची कलावती पर लाठी से हमला कर दिया। इतने में दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें एक पक्ष के अवधराम, कलावती, सुनील व रोहित दूसरे से सतनाम, संजीव व सीमा समेत सात लोग जख्मी हुए।