एसआईबी फैजाबाद और जिले के वाणिज्य कर अधिकारियों की टीम ने नवीगंज स्थित एक लोहा व्यापारी के गोदाम पर छापा मारा। जांच पड़ताल के दौरान यहां पर लाखों का माल भरा पाया गया।
वाणिज्यकर विभाग इस गोदाम को अवैध बताते हुए सीज कर दिया है। जब कि व्यापारी का कहना है कि 26 जुलाई को गोदाम खोलने की लिखा-पढ़ी में जानकारी वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को दे दी गई थी।
एसआईबी फैजाबाद वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिशभनर मुसाफिर प्रसाद के नेतृत्व में डिप्टी कमिशभनर अंजली चौरसिया और गौरव सिंह ने बृहस्पतिवार को पीरबटावन निवासी लोहा व्यापारी ताज मोहम्मद के नवीगंज स्थित गोदाम पर छापा मारा।
टीम ने बताया कि यह गोदाम अवैध रुप से संचालित किया जा रहा है और विभाग को इसकी कोई सूचना नहीं दी गई। गोपनीय आधार पर जब इसकी जानकारी वाणिज्य कर विभाग को हुई तो एसआईबी और वाणिज्यकर विभाग की टीम ने संयुक्त रुप से छापेमारी कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
डिप्टी कमिशभनर मुसाफिर प्रसाद ने बताया कि गोदाम में लाखों रुपये को माल भरा हुआ है जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है फिलहाल के लिए गोदाम को सील कर दिया गया है। उधर लोहा व्यापारी ताज मोहम्मद का कहना है कि गोदाम खोलने की जानकारी 26 जुलाई लिखा पढ़ी में वाणिज्यकर विभाग को दे दी गई थी। गोदाम का ताला तोड़कर जो कार्रवाई की गई है वह पूरी तरह से गलत है।