चालक को झपकी आने से टाटा मैजिक गाड़ी सड़क किनारे खंती में जाकर पेड़ से जा टकरा गई। इससे गाड़ी में सवार सभी 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शादी समारोह से लौट रहे इन सभी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां छह लोगों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं, बड्डूपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में घायल एक अधेड़ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बड्डूपुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहा मजरे रीवांसीवां निवासी कमलेश (50) पुत्र द्वारिका शनिवार शाम छह बजे साइकिल से बड्डूपुर चौराहा किसी काम से गया था। लौटते समय झरसवां मोड़ के पास पीछे से आ रही पिकअप गाड़ी ने साइकिल में टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल कमलेश को परिवारीजनों ने महमूदाबाद के एक निजी अस्पताल पहुंचाया जहां हालत नाजुक देख डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन कमलेश को लखनऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, साइकिल में टक्कर मारने के बाद चालक पिकअप समेत मौके से भाग गया।
रानीबाजार क्षेत्र के ग्राम चंदनापुर मोड़ के पास लखनऊ से मनौरा गांव जा रही एक टाटा मैजिक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जाकर पेड़ से जा टकरा गई। मैजिक चालक पंकज कुमार (35) पुत्र शिवप्रसाद निवासी पल्हरी ने बताया कि वह शादी में रात भर जागा था।
इस वजह से ड्राइविंग के वक्त झपकी आने से हादसा हुआ है। चालक ने बताया वह अपने मामा हनोमान प्रसाद निवासी मनौरा थाना रामनगर के घर से शनिवार रात पूरे परिवार को लेकर चिनहट में रिश्तेदार के घर गया था।
रविवार सुबह वह मैजिक लेकर मनौरा लौट रहा था, तभी हादसा हो गया। इससे गाड़ी में सवार मीरा (17), राजरानी (65) निवासी गोकुलपुर, गीता (40), संबारी (42), अर्चना (18), ननकू (35), रीता (30) निवासी मनौरा, रामवती (40), रेखा (18) रेनू, अवनीश रावत (28), प्रेमावती (55) समेत सभी 15 लोग घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने रामनगर थाने में हादसे की खबर दी। जिसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से रीता, ननकू, मीरा, गीता, अर्चना व अवनीश को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां ननकू व अर्चना की हालत नाजुक बनी हुई है।