शनिवार की देर शाम इलाज कराकर वापस घर लौट रहे एक वृद्ध को सफदरगंज चौराहे पर अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं भगौली चौराहे के पास एक कार ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। हादसे में मासूम समेत दंपती घायल हो गए।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नियामतपुर निवासी राजाराम (65) अपने भतीजे सुनील कुमार के साथ शनिवार को शहर के एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराने आया था। वापस लौटते समय सफदरगंज थाना क्षेत्र के लक्षबर बजहा चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।
भतीजे ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं फतेहपुर कस्बा निवासी शब्बीर महमूदाबाद अपनी ससुराल से पत्नी शाहिदा व दो साल की बेटी अक्शा के साथ बाइक से लौट रहा था।
भगौली तीर्थ के पास पीछे से आ रही कार ने उसके ठोकर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।