बाराबंकी। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के खैरातीपुर गांव के पास नहर में हाथ धोने गई एक वृद्धा की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने रविवार को शव उतराता देख पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव नहर से निकाल कर उसकी शिनाख्त कराई, लेकिन कोई शिनाख्त नहीं हो सकी।
खैरातीपुुर गांव के लोगों का कहना है कि वृद्धा भीख मांगकर अपना पेट पालती थी। किसी को भी उसका नाम व कहां की रहने वाली है इसके बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। गांव के लोगों का कहना कि यह वृद्धा कई बार गांव में आ चुकी है। रविवार सुबह वृद्धा आम खाने के बाद नहर में हाथ धोने के लिए गई थी। पैर फिसलने से नहर में डूबकर उसकी मौत हो गई। सुबह दस बजे के आसपास उसका शव नहर में उतराता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने सूचना ग्राम प्रधान अरविंद वर्मा को दी। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाल कर शिनाख्त कराया, लेकिन कोई जानकारी नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानेदार सदानंद यादव का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।