अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार देर रात डकैती पड़ गई। सीतापुर से ट्रेन चलते ही बदमाशों ने हथियारों के बल पर यात्रियों से नगदी, मोबाइल व अन्य कीमती सामान लूटा और चेन पुलिंग करके भाग गए।
डरे सहमे यात्रियों ने आरपीएफ कंट्रोल रूम में सूचना दी तो बुढ़वल स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। आरपीएफ ने यात्रियों से पूछताछ की मगर उन्होंने गोरखपुर जीआरपी में ही रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। जिसके चलते करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को बुढ़वल से रवाना कर दिया गया।
कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार रात करीब 12 बजे सीतापुर स्टेशन से छूटी। इसके चंद मिनट बाद ही जनरल कोच में पांच-छह नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। इससे कोच में हड़कंप मच गया।
बदमाशों ने छह-सात यात्रियों से ही नगदी, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान लूटा था कि चीखपुकार मच गई। इस पर बदमाश चेन पुलिंग करके भाग गए। डरे सहमे यात्रियों ने आरपीएफ कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।
जिस पर शनिवार भोर 3:28 बजे बुढ़वल स्टेशन पर पहुंचने पर कर्मभूमि एक्सप्रेस को रोका गया। आरपीएफ व जीआरपी ने पीड़ित यात्रियों से पूछताछ की। आरपीएफ बुढ़वल के प्रभारी इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों ने रिंकल पुत्र राजेश कुमार निवासी टिहुआताल थाना घोसी जिला मऊ, जितेंद्र शाह निवासी बेदवा बैरागी टोला थाना तुरकौली जिला मोतिहारी बिहार व प्रकाश शर्मा पुत्र अनिल शर्मा निवासी छतनपुर थाना पसोई जिला कटिहार बिहार सहित करीब छह यात्रियों का सामान लूटा है।
हरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ितों से रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर मांगी गई तो सभी ने मना कर दिया। कहा कि गोरखपुर पहुंचने पर वहीं जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। इसके चलते करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को बुढ़वल स्टेशन से रवाना कर दिया गया।