जहरीली शराब से देवा इलाके में पंद्रह लोगों की मौत होने के बाद अब प्रभावित गांवों में नेताओं व अधिकारियों की आमद थम सी गई है। मृतकों के परिवारीजन अब प्रशासन की तरफ से मिलने वाली मदद की आस लगाए बैठे हैं। वहीं गंभीर रूप से बीमार पांच युवकों में मंगलवार को जसनवारा निवासी नरेन्द्र गौतम लोहिया अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंच गया है। इनकी पत्नी विशेष कुमारी के मुताबिक नरेंद्र को ठीक से आंखों से दिखाई नहीं दे रहा है।
वहीं इसी गांव के अनिल का लखनऊ के लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि मोहम्मदपुर गांव के परवेश का लखनऊ के नर्सिग होम में इलाज हो रहा है। उधर मुनियापुरवा गांव के रहने वाले देवीशराण व तासपुर के उमेश शहर के निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
जांच को भेजा गया स्प्रिट का नमूना
सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि देवा इलाके में हुई घटना के बाद मदन जायसवाल के पास से बरामद हुई स्प्रिट का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा इसके साथ ही जिन मृतकों का बिसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है उसकी रिपोर्ट जल्द से जल्द मंगाने के लिए रिमाइंडर भेजा गया है।