सुबेहा क्षेत्र में थलवारा गांव के पास सुबेहा रजबहा में डूबकर बालिका की मौत हो गई। निर्माण के लिए पानी को रोकने के लिए ठेकेदार ने नहर की तली में गहरा गड्ढ़ा खोदवा दिया है। गांव के अन्य बच्चों के साथ नहाने के दौरान हादसा हुआ। लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर घटना की सूचना एसडीएम को दी है।
शुक्रवार को थलवारा गांव निवासी शमशाद की पुत्री नाजिया (10) दोपहर करीब एक बजे गांव के बच्चों के साथ खानपुर रजबहा नहर में नहर में नहा रही थी। नहर की तली मेें खोदे गए करीब पंद्रह फुट गहरे गड्ढ़े में नाजिया डूबने लगी। साथ के बच्चों ने गांव में पहुंच कर ग्रामीणों व परिवारीजनों को जानकारी दी। लेकिन ग्रामीणों के पहुंच कर पानी से बाहर निकालने तक उसकी मौत हो गई।
हलका लेेखपाल श्याम सुंदर कनौजिया ने मौके पर पहुंच कर घटना की सूचना एसडीएम को दी। डूबकर मौत होने की घटना की जानकारी सुबेहा पुलिस को नहीं है तथा मृतका का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है। गांव के निवासी गंगा प्रसाद, नकछेद, रामलखन, घनश्याम आदि ने कहा नहर निर्माण में बांध के लिए तली से मिट्टी निकाली गई थी जिससे नहर के बीच में दस फिट से गहरा गड्ढा हो गया है।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए नहर के निर्माण में लगी एजेंसी को जिम्मेदार मानते हुए दंडात्मक कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को सहायता दिलाए जाने की मांग की है। एसडीएम पंकज कुमार ने कहा कि पीड़ित को सहायता देने के साथ घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।