शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ेल गांव में दोस्तों ने घर से बुलाकर ले गए साथी की पिटाई कर बेहोशी की हालत में घर पर छोड़ गए। घर से अस्पताल ले जाते समय युवक की रास्ते में मौत हो गई। मामले के पीछे परिवारीजन पैसों का लेनदेन बता रहे हैं।
मृतक के भाई ने तीन सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसकी तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ेल गांव निवासी संजय कुमार कनौजिया (36) पुत्र छोटकन्ना को सुबह करीब दस बजे गांव का ही विनोद गुप्ता अपने साथ बाइक से लेकर कहीं गया था।
अपराह्न करीब तीन बजे उसे अधमरे हालत में उसी के घर के दरवाजे पर छोड़कर विनोद अपने साथी के साथ भाग गया। आसपास के लोगों ने देखा तो मामले की सूचना उसके परिवारीजनों को दी गई। पुत्री नेहा व उसकी पत्नी रीता ने देखा तो सिर पर चोट के निशान व नाक-कान से खून निकल रहा था।
परिवारीजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई संदीप ने बताया कि संजय ने दो साल पहले अपनी जमीन बेच दी थी। गांव के ही विनोद गुप्ता ने भाई से पैैसे के लिए दोस्ती की और फिर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये ले लिया।
इतना ही नहीं विनोद ने अपने भाई मनोज को 80 हजार व संतोष को 20 हजार रुपये दिलाए थे। जब संजय रुपये मांगता तो आनाकानी कर बात टाल देते। पैसा वापस न करना पड़े इसके लिए उसकी हत्या कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में तीनों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है।