छंदरौली रेलवे स्टेशन पर तैनात कर्मचारी का एटीएम बदल जालसाज ने खाते से सवा लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत करने पर पुलिस ने साइबर सेल में जाकर शिकायत करने की सलाह देकर थाने से वापस कर दिया और बैंक के शाखा प्रबंधक ने बिना शिकायत कोई सहायता करने से इन्कार कर दिया है।
लोनीकटरा स्थित छंदरौली रेलवे स्टेशन पर तैनात पोर्टर धनीराम वर्मा ने बताया गृह राज्य झारखंड में स्थित बैंक ऑफ इंडिया के खाते से एटीएम कार्ड बनवा रखा है। बीती नौ अक्टूबर को खाते में रुपये की जानकारी के लिए बैंक ऑफ इंडिया मकनपुर शाखा गए थे। एटीएम के प्रयोग की जानकारी नहीं होने पर बैलेंस जानने के लिए वहां मौजूद युवक को कार्ड दिया था।
अज्ञात युवक ने खाते में दो लाख 28 हजार रुपये होने की जानकारी दी और कार्ड वापस देकर चला गया। बताया रविवार को रुपया निकालने के लिए स्टेशन इंचार्ज को एटीएम देने पर उन्होंने कार्ड किसी अमित के नाम से बैंक ऑफ बड़ौदा का कार्ड होने की जानकारी दी। जिसके उन्होंने अपना खाता चेक किया तो खाते से एक लाख बीस हजार रुपया निकाले जाने की जानकारी हो सकी।
थाने पर शिकायत करने पर पुलिस ने साइबर सेल बाराबंकी में शिकायत करने की सलाह देकर वापस कर दिया। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने कहा कि एटीएम के माध्यम से खाते से रुपया निकाले जाने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच के लिए साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह दी गई है।