इस हादसे में मिर्जापुर के एसपी व फैजाबाद के एडीएम की गाड़ी समेत पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों में सवार लोगों को बाहर निकाल सीएचसी बनीकोडर में उपचार कराया।
हादसे में एडीएम फैजाबाद व मिर्जापुर के एसपी की पत्नी बाल बाल बच गईं। यह भिड़ंत रामसनेहीघाट क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर दुलहदेपुर मोड़ के पास सोमवार सुबह हुई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पहले हाफ डाला भिड़ा फिर एक के बाद एक पांच वाहन आपस में टकराते चले गए। फैजाबाद के एडीएम वीरेंद्र पांडेय निजी टाटा सफारी (यूपी32डीएक्स-8509) लखनऊ से फैजाबाद जा रहे थे।
इनके पीछे ही मिर्जापुर के एसपी अरविंद सेन की पत्नी प्रियंका यादव टोयोटा इटियोस (यूपी32एफबी-0937) में सवार थीं। वह फैजाबाद में आयोजित मीटिंग के लिए जा रही थीं।
एडीएम की गाड़ी के आगे चल रहे हाफ डाला के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया जिसके पीछे से तेज गति से आ रहे वाहन एक के बाद एक भिड़ गए। वाहनों की भिड़ंत से हाईवे पर जाम लग गया।
हालांकि इस हादसे में एडीएम व एसपी की पत्नी और दोनों गाड़ियों के चालकों को बहुत मामूल चोट आई है। सूचना पर कोतवाली रामसनेहीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और चारों लोगों को सीएचसी ले गई।
करीब डेढ़ घंटे बाद दूसरी गाड़ियों के आने पर एडीएम और कप्तान की पत्नी रवाना हो गए। दुर्घटना के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे का यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया।