रुपयों की लालच में आकर एक बेटे ने ही अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पुत्र ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पिता की कार के अंदर गला दबाकर हत्या करने के बाद उनका शव जलाकर पहचान छिपाने का प्रयास किया था।
लोनीकटरा थानाक्षेत्र में 13 मई को हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है जबकि उसका साथी फरार है। घटना में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस ने रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है। पुलिस टीम की इस कामयाबी पर एसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
एएसपी दक्षिणी शफीक अहमद ने रविवार को पुलिस लाइन में बताया कि लखनऊ जिले के ग्राम दुघरा मजरे जुग्गौर कोतवाली चिनहट निवासी राजेंद्र यादव की 13 मई को हत्या करने के बाद उनका शव लोनीकटरा थानाक्षेत्र में इलियासपुर व गंगापुर गांव के बीच सड़क पर बनी पुलिया में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने मामले में पड़ताल करने के बाद मृतक के पुत्र रामप्रताप यादव को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। पूछताछ में मृतक के पुत्र रामप्रताप ने कबूल किया कि उसने अपने साथी जावेद निवासी शाहपुर मसौली के साथ मिलकर पिता राजेंद्र हत्या की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है जिसमें जावेद अभी पकड़ में नहीं आ सका है। वहीं रामप्रताप को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है।
एसओ लोनीकटरा श्रीधर पाठक ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने पिता की खुद की ही कार में साथी के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपियों ने लोनीकटरा क्षेत्र में जाकर डीजल से शव को जला दिया था जिससे पहचान न हो सके।
इस मामले में लखनऊ के चिनहट निवासी रोहित सिंह के खिलाफ रामप्रताप ने हत्या का मुकदमा भी दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस की जांच में वह खुद ही अपने पिता का हत्या आरोपी निकला। आरोपी रामप्रताप शातिर अपराधी है और इससे पहले भी वह हत्या कर चुका है जिसकी रिपोर्ट लखनऊ के चिनहट कोतवाली में दर्ज है।
वहीं जिले के सफदरगंज थाने में भी रामप्रताप के खिलाफ रोहित पर गोली चलाने का मामला दर्ज है। इस वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल एसओ लोनीकटरा श्रीधर पाठक, इंतिजार अली, शिवनेत्र सिंह, सुधीर सिंह, गुफरान, अरुण कुमार आदि पुलिस टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।