लोनीकटरा के इलियास पुर गांव में चुनावी रंजिश के चलते दो प्रत्याशियों के समर्थक के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में घायल तीन समर्थकों को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्ष की शिकायत पर तेरह के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।
बुधवार को इलियास पुर गांव में प्रधान पद के प्रत्याशी भगौती व नन्हा के समर्थकों में जनसंपर्क के दौरान विवाद हो गया जिसके बाद दोनो पक्ष से एकत्र लोगों ने एक दूसरे पर खूब लाठियां भांजी। भगौती पक्ष के अंकित व ललित तथा नन्हा की ओर से प्रदीप व अवधेश को चोटें आने पर सीएचसी भेजा गया। जहां से अवधेश के अलावा तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
भगौती ने चंद्रनरायण, धीरज, अमर दीप, जगन्नाथ, अवधेश व प्रदीप पर मारपीट करने की शिकायत की है। जबकि नन्हा की ओर से प्रदीप ने अमर सिंह, अंकित, देशबंधु, तेज बहादुर, गिरजाशंकर, टार्जन, राम कुमार पर मारने पीटने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा सभी 13 ग्रामीणों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है और मौके की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।