नेबलेट तिराहा स्थित माडल शाप के पास शाम आठ बजे भांग व्यापारी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से लोगों में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एसपी व सीओ ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वारदात के पीछे भांग के ठेकों की नीलामी का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कमरियाबाग मोहल्ले के निवासी भांग व्यापारी आकाश जायसवाल(30) पुत्र ओमप्रकाश जायसवाल की मंगलवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। शहर मेें नेबलेट तिराहा स्थित मॉडल शॅाप के पास पहुंचे एक बाइक पर सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने व्यापारी पर चार फायर झोंक कर भाग निकले। आस पास के लोगों ने व्यापारी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। घटना से लोगों में अफरा तफरी का माहौल व्याप्त है।
भांग के ठेकों की नीलामी के विवाद में हुई वारदात
मृतक व्यापारी आकाश जायसवाल की हत्या करवाने का आरोप कानूनगोयान मोहल्ला निवासी दिनेश जायसवाल व उनके साथियों पर लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व जिले में हुए भांग के ठेकों में दिनेश व आकाश ने बोली लगाई थी। इसमें आकाश द्वारा बोली लगाने से भांग की दुकानों की नीलामी ज्यादा रुपयों में हुई थी, लेकिन दुकानें दिनेश जायसवाल को मिली थीं। बताया जा रहा है कि दिनेश इस बात को लेकर आकाश से दुश्मनी मान रहे थे कि उसकी वजह से इनका लाखों का नुकसान हुआ है। इसी बात को लेकर इस वारदात को अंजाम देने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में लगी है।
वारदात के समय ममेरे भाई से बात कर रहा था आकाश
मृतक व्यापारी आकाश जायसवाल मंगलवार की रात करीब 8 बजे अपनी कार से चालक प्रदीप के साथ लखनऊ से घर जा रहा था। इस बीच आकाश नेबलेट तिराहा स्थित मॉडल शॉप पर पहुंच गए और वहां पर मिले ममेेरे भाई अवनीश से बात करने लगे। इसी बीच यहां पर पहुंचे बाइक सवार हमलावरों ने असलहों आकाश पर ताबड़तोड़ फायर कर दिया। चार गोली चलने की बात कही जा रही है। पुलिस ने मौके से एक कारतूस का खोका भी बरामद किया है।
पहले भी हो चुकी थी आकाश को फंसाने की साजिश
व्यापारी आकाश तीन भाइयों सूरज व गोलू में सबसे बड़ा था। आकाश की पत्नी व दो बेटी भी है। करीब एक साल पहले भी आकाश के घर के बाहर कार में किसी ने मारफीन रखवा दिया था और उसके बाद वहां नारकोटिक्स टीम का छापा पड़ा था। इसमें भी दिनेश जायसवाल का नाम सामने आया था लेकिन मामला आगे न बढ़ते हुए रफा दफा कर दिया गया था। लेकिन आकाश को दिनेश की दुश्मनी महंगी पड़ गई और अब उसे अपनी जान देकर इसका खामियाजा चुकाना पड़ा है।
एसपी व सीओ ने परिवार को बंधाया ढांढस
वारदात के बाद पहुंचे एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी संतोष सिंह व कोतवाल बीपी यादव ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। एसपी ने कहा कि जो भी आरोपी है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कप्तान ने घटनास्थल का भी जायजा लिया। एसपी ने कहा कि मृतक के परिवारीजनों की ओर से जो तहरीर दी जाएगी उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
मॉडल शाप पर लगे सीसीटीवी कैमरों से हमलावरों की तलाश
वारदात स्थल नेबलेट माडल शाप पर सीसीटीवी कैमरे लगे है। पुलिस अब इन कैमरों की फुटेज देखकर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं इस वारदात के बाद मृतक के परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ने के साथ ही आक्रोश भी व्याप्त है। जिला अस्पताल में मृतक के परिवारीजन जहां आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे वहीं इस वारदात से हर किसी में आक्रोश भी व्याप्त है।