कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेखनापुर के पास रेल ट्रैक पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला है। शनिवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन पता नहीं लग सका। ग्रामीणों का कहना है कि अधेड़ की हत्या कर शव फेंका गया है जबकि पुलिस इसे ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की बात कह रही है।
कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र मं बुढ़वल से सीतापुर रेल मार्ग पर ग्राम सेखनापुर के पास शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ देखा। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करने के लिए उसकी जामा तलाशी ली तो उसके दाएं हाथ की कलाई पर सीताराम पुत्र ज्ञान सिंह निवासी लावड़ा थाना इंचौली जिला मेरठ गुदा हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने मेरठ पुलिस से सहयोग लेने की बात कही है। कोतवाल विकास पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।