भिटौरा गांव में खेत की मिट्टी में दबाकर छुपाई गई बाइक पुलिस ने बरामद की है। एक दिन पहले मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने बाइक के मिट्टी के नीचे दबे होने की सूचना दी थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही खेत मालिक गांव से फरार हो गया।
कोतवाल ने कहा कि फरार खेत मालिक का नाम पहले भी बाइक चोरी में आ चुका है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गुरुवार भोर कोतवाली पुलिस ने भिटौरा गांव निवासी राम सिंह के खेत में मिट्टी के नीचे दबी बाइक को बरामद कर लिया है।
चोरी की बाइक को खेत मे छुपा कर रखा गया था लेकिन बुधवार सुबह हुई तेज बारिश में खेत से बलुई मिट्टी की ऊपरी सतह बहने से बाइक दिखने लगी थी। मवेशी चरा रहे कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। जिसके बाद एसआई अनूप यादव ने खेत को खोदवाकर बाइक को बाहर निकलवाया।
खेत में पुलिस बल पहुंचने की सूचना पर राम सिंह मौके से फरार हो गया। कोतवाल जेएल सोनकर ने कहा कि फरार राम सिंह का नाम पहले भी बाइक चोरी की घटना में शामिल रहा है। पकड़े जाने पर कई अन्य चोरी की बाइक बरामद होने की उम्मीद है। बाइक की नंबर प्लेट गायब है। उसका नंबर ट्रेस कर आरटीओ कार्यालय से संपर्क किया जा रहा है।