लखनऊ में बैंक डकैती व शहर में कैश वैन लूट के प्रयास मामले में पुलिस एक ही गिरोह के होने का अंदेशा जता रही है। इन वारदातों के खुलासे के लिए अब बाराबंकी व लखनऊ पुलिस ने साझा ऑपरेशन शुरू किया है।
एसपी अब्दुल हमीद सोमवार को लखनऊ जाकर चिनहट में वहां के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में शामिल हुए। इसके साथ ही बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें फैजाबाद, गोंडा समेत कई जिलों की खाक छान रही हैं लेकिन अभी अपराधी पुलिस के हत्थे नहीं लग सके हैं।
18 नवंबर को शहर में एक पेट्रोल पंप पर गार्ड को गोली मारकर कैश वैन लूटने व लखनऊ के चिनहट इलाके में गार्ड की हत्याकर बैंक डकैती के मामले में अब लखनऊ व बाराबंकी पुलिस ने साझा अभियान शुरू कर लुटेरों तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया है। सोमवार को लखनऊ में पुलिस अफसरों की बैठक में एसपी अब्दुल हमीद भी पहुंचे। एसपी के साथ क्राइम ब्रांच व सर्विलांस सेल की टीम भी मौजूद रही।
सूत्रों की मानें तो इस बैठक में इन वारदातों का खुलासा करने के लिए अपराधियों तक पहुंचने की रणनीति तैयार की गई है। पुलिस विभाग से जुड़े सूत्रों की माने तो इस वारदात को लेकर पुलिस की दो टीमें फैजाबाद व गोंडा जिले में भेजी गई हैं। पुलिस को अब तक की पड़ताल में पता चला है कि लुटेरों के गिरोह के कुछ आरोपी गोंडा व फैजाबाद के हैं।