देवा में बांग्लादेश की जायरीन की मौत
- फोटो : अमर उजाला
पति के साथ देवा में मजार पर चादर चढ़ाने आई बांग्लादेशी जायरीन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने इस बात की जानकारी बांग्लादेशी उच्चायोग को भी भेजी है। बताते हैं कि अचानक तबियत बिगड़ने के चलते जायरीन की मौत हुई है।
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के 168 मालीबाग बाजार रोड शांतिनगर मोतीझील मोहल्ला निवासी महफूजा बेगम (62) पत्नी मोहम्मद मकसूद हुसैन पति के साथ चार दिन पहले जिले में देवा स्थित हाजी वारिस अली शाह की मजार पर चादर चढ़ाने व जियारत करने के लिए आई थी। इनके साथ करीब एक दर्जन बांग्लादेश जायरीन का दल भी देवा आया है। महफूजा पति के साथ यहां एक गेस्ट हाउस में रुकी थी।
बीती रात महिला की अचानक तबियत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह जब पति मकसूद ने देखा तो महिला जायरीन मृत अवस्था में पड़ी मिली। जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस ने इस मामले की जानकारी बांग्लादेशी उच्चायोग को भी दी है। एएसपी दक्षिणी शफीक अहमद का कहना है कि पति के साथ देवा आई महिला जायरीन की अचानक मौत हो गई है। एएसपी ने कहा कि जायरीन की मौत स्वाभाविक है लेकिन फिर भी पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाने के साथ आवश्यक कार्रवाई कर रही है।