बाराबंकी। अब सोशल मीडिया साइट के दुरुपयोग पर जेल होगी। खासकर किसी धर्म संप्रदाय व जाति विशेष पर कार्टून बनाने या फिर कमेंट करने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का फायदा उठाने के चक्कर में बेजा भड़काऊ फोटो कमेंट किया तो समझो लंबे समय के लिए जेल के अंदर गए। जिसमें बड़ी सजा भी हो सकती है।
प्रोद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांति आने की अच्छाई में कुछ लोगों ने बुराई फैलाने के उपाए भी ढूंढ़ निकाला है। इसके जरिये सोशल मीडिया के जरिये अपनी बात कहने की आजादी की आड़ में अब लोग धर्म जाति विशेष पर भी गलत टीका टिप्पणी करने लगे हैं। इससे कभी कभी साम्प्रदायिक माहौल के बिगड़ने का भी खतरा पैदा हो रहा है। फैजाबाद की घटना इसका ताजा उदाहरण है। जिसके बाद से डीजीपी ने भी सोशल मीडिया के दुरुपयोग करने वाला पर रासुका की कार्रवाई करने का आदेश जारी किया है। हालांकि डीजीपी के आदेशों का कितनी सख्ती से पालन किया जाएगा यह देखने योग्य है। फिलहाल सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर अंकुश लगता नहीं दिखाई पड़ रहा है।
सोशल नेटवर्किंग साइट्स का कई तरीके से दुरुपयोग हो सकता है। एक तो इस पर बने ग्रुप में यदि कोई भी गलत बात पोस्ट होगी तो वह कई लोगों तक पहुंच जाएगी। वहीं फेसबुक पर यदि आपने अपनी आईडी लाक नहीं की है तो उसे कोई भी खोलकर उस पर कुछ भी अपलोड कर सकता है। सोशल साइट्स पर धर्म के अलावा अन्य कई आपत्तिजनक बातें भी पोस्ट होती है जो गलत है। लोगों को खुद जागरूक होकर अपना कोई भी सोशल साइड का एकाउंट सिक्योर रखना चाहिए।
- अविनाश सिंह, आईटी विशेषज्ञ
सोशल नेटवर्किंग साइट्स के माध्यम से किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। इसका दुरुपयोग करने वाला चाहे कोई भी हो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस द्वारा सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी उत्तरी