बिस्कुट कंपनी के सेल्समैन को बाइक सवार दो बदमाशों ने फायर झोंककर 48 हजार रुपये लूट ले गए। देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्वारी गांव के पास हुई इस वारदात में सेल्समैन को गोली के छर्रे लगने से मामूली चोट पहुंची है। मामले की जानकारी पर एएसपी, सीओ समेत कई पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग सका है।
देवा कोतवाली क्ष्ेात्र के जमुवासी गांव निवासी शैलेंद्र यादव की लखनऊ के मटियारी के पास बिस्कुट फैक्ट्री है। इनकी फैक्ट्री के सेल्समैन मटियारी के ही रहने वाले शेख अब्दुल्ला अपने दो साथियों शकील निवासी बंकी व बबलू के साथ पिकअप वाहन से पैसों की वसूली करने के लिए निकले थे। रविवार शाम करीब पांच बजे जब यह लोग देवा क्षेत्र में ग्वारी गांव के पास पहुंचे थे तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और पिकअप के आगे बाइक लगाते हुए रोक लिया।
इस दौरान जब सेल्सैमन व उसके दो साथियोें ने विरोध करना चाहा तो बदमाशों ने सेल्समैन शेख अब्दुल्ला के ऊपर तमंचे से फायर झोंक दिया। हालांकि इस दौरान सेल्समैन बाल बाल बचे और उनके शरीर मेें गोली के छर्रें लगने से मामूली चोट पहुंची है। बदमाशों ने सेल्समैन के पास मौजूद 48 हजार रुपये की नकदी लूट ली और लखनऊ की ओर ही भाग निकले। लुटेरों के चुंगल से छूटने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की जिसके बाद पहुंची पुलिस ने लुटेरों की तलाश के लिए आस-पास क्षेत्र में सघन चेेंकिग की लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी है।