बैंक अधिकारी बनकर एक मजदूर को फोन कर उसके एटीएम का कोड पूछ 47 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। परेशान मजदूर जब थाने शिकायत करने गया तो क्षेत्र के दरोगा न होने का बहाना बताकर लौटा दिया।
पीड़ित ने पंजाब नैशनल बैंक में पूरे मामले की शिकायत की है। इसी बीच साइबर क्राइम की ठगी करने वालों ने चार बार में ऑनलाइन खरीदारी कर डाली। जैदपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोहिलपुर निवासी मनीष कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था।
शनिवार शाम पीड़ित के पास फोन नंबर 7754991105 पर 9570896593 से कॉल आई। फोन करने वाले ने बताया कि आपका एटीएम कल बंद हो जाएगा और खाते में जमा सारा पैसा सरकार के खाते में जमा हो जाएगा।
इसी के डर में पीड़ित ने पंजाब नैशनल बैंक के एटीएम का पासवर्ड बता दिया। जिसके बाद 1 अप्रैल को 19 हजार 9 सौ 99 रुपये कर के दो बार में निकाले। बाद में 2 अप्रैल को रात्रि में 12:10 मिनट पर दो हजार व एक हजार रुपये निकाल लिए।
20 मिनट के अंदर 47 हजार रुपये निकालने का एसएमएस भी रात्रि में आया था। सुबह जब मजदूर ने अपना मोबाइल देखा तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित मजदूर पहले बैंक शिकायत करने गया। बाद में जब जैदपुर थाने शिकायत करने गया तो वहां मौजूद एक सिपाही ने हलका दरोगा के न होने की बात कहकर वापस लौटा दिया।
इस संबंध में पीएनएबी शाखा प्रबंधक एके कपूर ने बताया कि किसी भी खाताधारक से पासवर्ड के बारे में फोन कर बैंककर्मी द्वारा जानकारी नहीं ली जाती है। उन्होंने कहा कि किसी को भी अपना पासवर्ड व एटीएम के ऊपर लिखा नंबर नही बताना चाहिए। मामले की जांच की जा रही है