आग से दो बालिकाएं झुलसीं, सात घरों का सामान जला
बाराबंकी। जिले के अलग अलग स्थानों पर लगी आग से सात घर जल गए। आग की चपेट में आने से दो बालिकाएं झुलस गईं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम दरौली मजरे बड़नपुर में मंगलवार को दोपहर बिजली की एचटी लाइन के शार्ट सर्किट से प्रहलाद के छप्पर में लगी आग ने अरविंद कुमार, राम बहादुर व रामहेत यादव के घरों तक फैल गई। अरविंद के परिवारीजन खेत में थे। घर में मौजूद बच्चे शीलू व राजू तो आग लगने पर बाहर आ गए लेकिन तीन वर्षीया लक्ष्मी उर्फ नेहा लपटों में घिर गई। जानकारी पर ग्रामीणों ने किसी तरह लक्ष्मी को बाहर निकाला लेकिन तब तक वह झुलस गई। रामहेत के दरवाजे पर बंधे चार मवेशी भी गंभीर रूप से झुलस गए। दमकल कर्मियों के पहुंचने तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों के मुताबिक सभी घरों में रखा सारा सामान जल गया। आग से झुलसी बालिका को सीएचसी मथुरानगर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर कोठी थाना क्षेत्र के फुसलनवा गांव निवासी रंगाई के घर में सोमवार रात लगी आग से 10 क्विंतल अनाज व 20 हजार रुपये जल गए। आग की चपेट में आने से रंगाई पुत्री अंशु व दो मवेशी भी झुलस गए। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मर्दापुर गांव निवासी रामनरायन व जयकरन घर में सोमवार रात लगी आग से 15 हजार रुपये, अनाज व अन्य सामान जल गया। ग्रामीणों के मुताबिक सूचना के बाद भी दमकलकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। उधर अग्निशमन केंद्र हैदरगढ़ प्रभारी रमेश पांडेय ने बताया कि टीम के गांव पहुंचने तक आग बुझ गई थी।