सिद्धौर (बाराबंकी)। घर से अचानक डेढ़ वर्षीय मासूम लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद उसका पता नहीं चला। इसके बाद थाने पहुंचे पिता ने बेटे का अपहरण का आरोप एक रिश्तेदार पर लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
मामला कोठी थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव का है। यहां के निवासी हेमराज का डेढ़ वर्षीय बेटा शनिवार को घर से अचानक गायब हो गया। मासूम की मां राजकुमारी का कहना है परिवार के ही रहने वाले हरिराम का सुबेहा थाना क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी दामाद राकेश शनिवार को आया था। मासूम के साथ वह भी गायब है। उसके पति हेमराज ने राकेश से फोन पर बात की तो पहले उसने आनाकानी की।
मगर, कुछ देर बात उसने मासूम अंश के उसी के पास होने की बात कबूल की। उसने पीड़ित दंपति को मासूम के वापस लौटाने को लेकर एक शर्त रखी। उसका कहना था कि वह दोनों उसकी पत्नी पूनम और उसके पिता हरिराम पर दबाव बनाकर उसके घर भिजवा दे। इसके बाद वह मासूम को वापस करेगा। बताते हैं कि राकेश की पत्नी होली पर अपने पिता हरिराम के साथ मायके आई थी। पति राकेश वापस लेने आया तो उसने मना कर दिया था। मासूम के अपहरण के बात मां राजकुमारी का रो-रो कर बुरा हाल है। इस बारे में थानाध्यक्ष प्रकाश चंद शर्मा का कहना है कि पीडित हेमराज की शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।