अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर करें जनता की मदद-आईजी
बाराबंकी। आईजी फैजाबाद रेंज ने बुधवार को जिले में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक किया। आईजी ने दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जो भी अपराधी है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जनता की मदद करें। इसके अलावा अनसुलझी वारदातों का खुलासा करने के भी निर्देश दिए।
आईजी विजय प्रकाश बुधवार की सुबह करीब दस बजे पुलिस लाइन पहुंचे। यहां पर गारद की सलामी लेने के बाद आईजी ने सभाकक्ष में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक शुरू की। आईजी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार पुलिस काम करे और थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज की जाए। उन्होंने कहा जनपद के भू माफिया, गुंडे, अपराधी किस्म के लोग व अवैध शराब का कारोबार करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। करीब दो घंटे तक चली बैठक में आईजी ने सभी एसओ व सीओ से परिचय प्राप्त करने के साथ ही उनके क्षेत्र में लंबित अपराधिक मामलों व की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी ली। आईजी ने कहा महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखने के साथ प्रतिबंधित मवेशियों का वध करने वालों पर सख्ती की जाए। उन्होंने कहा कि जो भी अनसुलझी घटनाएं है उनको जल्द ही खोलने के साथ लंबित विवेचानाओं का भी तेजी से निस्तारण करवाया जाए। आईजी ने कहा कि पुलिस अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के साथ जनता की मदद करे जिससे जनता के बीच पुलिस की बेहतर छवि बन सके। आईजी ने सभी थानाध्यक्षों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई लापरवाही पूर्ण कार्य या फिर पुलिस की छवि खराब करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आईजी की बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों में अफरा तफरी का माहौल व्याप्त रहा। इस मौके पर एसपी अनिल कुमार सिंह, एएसपी दक्षिणी शशीकांत तिवारी, एएसपी उत्तरी दिगंबर कुशवाहा समस्त सीओ व एसओ मौजूद रहे।