मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के गौरा सैलक गांव में कन्हैया डोल शोभायात्रा पर कुछ अराजकतत्वों द्वारा पथराव कर दिया गया था, जिसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर छह नामजद व एक दर्जन अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्जकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के गौरा सैलक गांव में शुक्रवार को कन्हैया डोल शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जा रही थी। शोभायात्रा के दौरान लोग भजनों की धुन पर झूमते-गाते जा रहे थे। एक धार्मिक स्थल के पास जब शोभायात्रा पहुंची तो उसी के पास मौजूद एक समुदाय के कुछ अराजक तत्वों ने डीजे बंद कराने का प्रयास किया था।
जब यात्रा में शामिल लोगों ने उनका विरोध किया तो इसी गांव के निवासी इकरार अहमद, आलम, सहनूर, रऊफ और इनके करीब तीन दर्जन से अधिक साथियों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया था। इस पत्थरबाजी में गया प्रसाद, दिनेश, मुकेश, राम किशोर, सुरेश, राजेश, राजितराम घायल हो गए थे। सभी घायलों को सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया गया था, जहां पर दो घायलों की हालत को गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
मामला दो समुदायों का होने के कारण आसपास के गांवों में तनाव व्याप्त है, जिसको लेकर मौके पर एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं, पुलिस ने एक समुदाय से पत्थरबाजी करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ राजेश यादव ने बताया कि गांव में तनाव होने के कारण पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। वहीं, छह नामजद व 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट, जानलेवा हमला आदि का केस दर्ज कर लिया गया है।