पति ने विवाहिता को पिलाया जहर
- गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती, बयान दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। दहेज में एसी न मिलने पर दहेज लोभियों ने गुरुवार को विवाहिता की पिटाई की और उसे जहर पिला दिया। मौके पर पहुंचे विवाहिता के पिता व भाई से कहासुनी कर ससुरालवालों ने उन्हें भी भगा दिया। पीड़ित ने डायल सौ को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई हैै।
मामला टिकैतनगर थाना क्षेत्र के पानापुर गांव का है। यहां की निवासी पीड़िता प्रियंका शुक्ला (28) ने बताया कि उसके पिता ने दहेज में सारा सामान दिया था, पैसे के अभाव में एसी नहीं दे पाए थे। जिससे ससुरालवाले एक साल से लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि गुरुवार को सास राजेश्वरी, ससुर केदारनाथ, ननद सौसम व पति आलोक शुक्ला ने पहले पिटाई की बाद में सभी ने पकड़कर जहर पिला दिया। किसी तरह मामले की जानकारी पीड़िता के पिता राधेश्याम को हुई। राधेश्याम ने बताया कि वह अपने बेटे मनोज के साथ पहुंचा तो ससुरालवालों ने उससे कहासुनी करने के बाद भगा दिया। बेटी की हालत बिगड़ते देख भाई ने डायल सौ को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को सीएचसी पहुंचाया जहां पर उसकी हालत बिगड़ती देख उसका बयान दर्ज कराकर उसे देर रात जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़िता के पिता राधेश्याम ने थाने पर सास, ससुर, ननद व पति के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने व जान से मारने की कोशिश करने की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष टिकैतनगर, नीरज सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलेगी तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।