हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही तीन सौ पेटी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
बाराबंकी। हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को एसटीएफ व सफदरगंज पुलिस ने बुधवार रात चेकिंग के दौरान पकड़ा है। अयोध्या हाईवे पर पकड़े गए ट्रक के साथ दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं। ट्रक में खाद की बोरियों के बीच शराब के गत्ते लदे थे। बरामद तीन सौ पेटी शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी अजय साहनी के मुताबिक एसटीएफ, लखनऊ की टीम और सफदरगंज पुलिस ने बुधवार रात हाईवे पर चेकिंग के दौरान अयोध्या की ओर जा रहे ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में करीब तीन सौ बोरी जैविक खाद के बीच में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक सवार राजकुमार जोगी पुत्र तेलू सिंह जोगी निवासी ग्राम डकदेई थाना फन्दपुरी जनपद सहारनपुर व नौशाद पुत्र असगर राइन थाना व कस्बा मीरापुर जनपद मुजफ्फरपुर बिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे हरियाणा से शराब को बिहार के मुजफ्फरपुर ले जा रहे थे। खाद की बोरियों के बीच तीन सौ गत्तों में 9972 बोतल अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उनका एक गिरोह है। यह गिरोह हरियाणा और पंजाब से शराब की खेप को उत्तर प्रदेश व बिहार के जनपदों में सप्लाई करता है। इस अवैध कारोबार में पैसों का लेनदेन नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जाता है। एसपी अजय साहनी ने तस्करी की शराब बरामद करने वाले एसटीएफ के उपनिरीक्षक मनोज सिंह, सफदरगंज एसओ विवेक सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कही है।