बारातियों से भरी बस ट्रक से भिड़ी, 15 घायल
बाराबंकी। बिरौली मोड़ के निकट बारातियों से भरी एक बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इससे बस में सवार 15 बाराती घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी बड़ागांव में भर्ती कराया गया है। जहां से सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
औरया जिले के थाना फफूंद के ग्राम बेरिया निवासी राजा सिंह के पुत्र अजय सिंह की बारात गोंडा जिले के कस्बा करनैलगंज जा रही थी। बिरौली मोड़ के निकट मंगलवार को बारातियों को लेकर जा रही स्कूल बस सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार महिपाल, रामलाल, संजू, वीर, विजय, उदयभान, धर्मेंद्र, विनोद, अजयपाल, राजा सिंह सभी निवासी बेरिया तथा चुरौलिया निवासी वीरु, लालपुर निवासी आशीष समेत करीब 15 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
इसकी सूचना मिलते ही एंबुलेंस प्रभारी प्रमोद सिंह दो एंबुलेंस और एक एलएएस एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को लेकर सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया। जहां पर सभी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिन्हें एंबुलेंस से लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में ट्रक का खलासी छोटू और चालक इंद्रपाल निवासी हमीरपुर भी घायल हुए हैं। वहीं इस घटना में दो बाइक सवार साहबदीन और बब्बू निवासी मसौली भी घायल हुए हैं। जिन्हें निजी चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया गया है।