घर के बाहर सो रहे युवक को सफारी ने रौंदा
मसौली(बाराबंकी)। मसौली थाना क्षेत्र के शहाबपुर में रविवार की देर रात बहराइच मार्ग पर एक अनियंत्रित सफारी घर के बाहर सो रहे एक युवक को रौंदते हुए गड्ढ़े में पलट गई। इस हादसे में जहां युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सफारी सवार चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर हंगामा भी किया। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बहराइच के सुफीपुरवा निवासी सुभम त्रिपाठी अपने भाई उत्कर्ष त्रिपाठी पुत्रगण जग्गनाथ व उत्कर्ष की पत्नी व पुत्री के साथ अपनी सफारी कार से रविवार की देर रात घर वापस जा रहे थे। तभी मसौली थाना क्षेत्र में शहाबपुर चौराहे के निकट कार अनियंत्रित होकर एक खंभे को तोड़ते हुए सड़क के किनारे रखी मेराज व नीरज की पान की गुमटी व सियाराम के चाय के होटल को क्षतिग्रस्त करते हुए रमेश कश्यप (35) पुत्र राम किशन के छप्पर में घुस गई। इसके बाद यहां सो रहे रमेश को रौंदते हुए कार गहरे नाले में जाकर पलट गई। इस हादसे में जहां रमेश की मौके पर ही मौत हो गई वहीं कार में सवार उत्कर्ष की पत्नी व पुत्री व भाई शुभम भी चोटिल हो गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने रात में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां से वह किसी निजी अस्पताल में चले गए हैं। इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह बहराइच मार्ग जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। पुलिस जब सफारी कार उठवाने पहुंची तो उसे भी नहीं हटाने दिया गया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद मसौली एसओ नरेंद्र कुमार सिंह ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया व मामले में उचित कार्रवाई की बात कही।
हादसे में गई वृद्ध की जान
सिरौलीगौपुर प्रतिनिधि के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र में लोधपुरवा गांव के बाहर सोमवार की सुबह घर से खेत के लिए निकले मोहनलाल (70) पुत्र मथुरा को बदोसराय मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज हादसा करने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।