असंद्रा (बाराबंकी)। असंद्रा थाना क्षेत्र दो युवकों को नौकरी के नाम पर सउदी अरब भेजने के नाम पर दो लाख रुपये लिए गए। युवक सउदी नहीं पहुंचकर टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिये गए। जहां उन्हें नौकरी नहीं मिली बल्कि बंधक बनाकर यातनाएं दी गईं। युवकों के लौटने पर भाइयों ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
असंद्रा के मंसारा गांव निवासी मुजफ्फर खां व सद्दाम ने एसपी से प्रार्थना पत्र देकर बताया कि, चार महीने पहले गांव के ही गिरजेश ने मुजफ्फर के भाई शाहरुख खान व सद्दाम के भाई शानू को सउदी अरब में एक कंपनी में नौकरी लगवाने की बात कही। इस काम के बदले दोनों से एक-एक लाख रुपये ले लिए। लेकिन दोनों युवकों को सउदी भेजने की बजाय टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया।
वहां नौकरी तो नहीं मिली उल्टे एक कमरे में बंद रखकर यातनाएं दी गईं। भूखा-प्यासा रखा गया। दो माह पूर्व दोनों किसी तरह से स्वदेश लौटे। इसे लेकर गिरजेश से पैसे वापस मांगे तो धमकियां दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि, गिरजेश के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी देने का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद