बाराबंकी। लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी के खिलाफ देवा थाने में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवा थाना क्षेत्र के ग्राम विनोवा निवासी लीला सिंह और सीतापुर जिले के रेउसा गांव निवासी वीरेंद्र रिश्तेदार हैं। इन दोनों ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात लखनऊ में आजमगढ़ के ग्राम गतवा निवासी अब्दुल कलाम से हुई थी। अब्दुल ने प्रलोभन देकर दोनों के बेटों की नौकरी अमौसी एयरपोर्ट पर लगाने की बात कहकर 1.68-1.68 लाख रुपये दोनों से ले लिए।
इसके बाद 30-30 हजार व पांच-पांच हजार की राशि पंजीकरण आदि के नाम पर ली। दोनों के पुत्रों को लखनऊ में किराए के मकान में लेकर रहने लगा। बीती 13 अक्टूबर को अब्दुल कलाम व 21 अक्टूबर को उसका पुत्र शहाबुद्दीन फरार हो गए। देवा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अब्दुल कलाम के खिलाफ केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद