उधौली (बाराबंकी)। अमावस्या की रात चोरों ने एक ही गांव के तीन घरों को अपना निशाना बनाया। तीनों घरों में शातिरों ने लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ किया। शनिवार को सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
घटना सफदरगंज क्षेत्र के उधौली गांव की है। शुक्रवार को अमावस्या की रात का फायदा उठाते हुए चोरों ने तीन घरों को अपना निशाना बनाया। छत के रास्ते घर में घुुसे चोर अन्नू सोनी, श्याम नारायण व मनोज सोनी के घरों में कमरे का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे। जहां रखी अलमारी व बक्से का ताला तोड़ा, उसके बाद उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए।
सुबह चार बजे जब घर वालों की आंख खुली तो कमरे का टूटा ताला देख परेशान हो गए। कमरे में पहुंचे तो अलमारी व बक्से के ताले टूटे और सामान बिखरा पड़ा था। वहीं लाखों रुपये के आभूषण व नकदी गायब थी। तीन घरों में एक ही रात चोरी होने से आसपास के लोग सहम गए। वहीं पीड़ितों ने घटना की सूचना सफदरगंज पुलिस को दी।
थाने के एसएसआई ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित परिवारों ने बताया कि वह सभी 11 बजे तक जग रहे थे। उसके बाद सो गए। इसके बाद चोरों ने घटना को अंजाम दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। क्योंकि सुबह से ही रामनगर ब्लॉक में हो रही प्रमुख चुनाव में ड्यूटी पर हैं। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर घटना का खुलासा किया जाएगा।