त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। क्षेत्र पंचायत के ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तिथि घोषित होते ही दावेदारों में सदस्य मतदाताओं की धरपकड़ तेज हो गई है। मंगलवार को बीडीसी के अपहरण की सूचना उसकी पत्नी ने पुलिस को दी। पुलिस ने बीडीसी को तलाश कर सुरक्षा के बीच घर भेजवाया। हालांकि पुलिस अपहरण की सूचना को गलत बता रही है।
मंगलवार को लोनीकटरा के देवीपुर पंचायत से बीडीसी जितेंद्र वर्मा घर से लापता थे। पत्नी रोशनी ने पुलिस से फोन पर पति के लापता होने की सूचना दी। इस पर हरकत में आई पुलिस ने थोड़ी देर बाद जितेंद्र को तलाश कर सुरक्षा में वापस घर भेजवाया। चर्चा है कि बीडीसी को एक पूर्व प्रमुख के अपने समर्थक को चुनाव में समर्थन के लिए रोके रखा था। वहां से बाहर भेजने के दौरान दूसरे दावेदार के समर्थकों ने रोक लिया जिससे साथ ले जाने के लिए दोनों पक्षों में विवाद पर पहुंची पुलिस ने उसकी इच्छा के मुताबिक घर भेज दिया है।
मालूम हो ब्लॉक प्रमुख का पद सुरक्षित है। अपना प्रमुख बनाने के लिए अलग-अलग तीन पूर्व प्रमुख व एक प्रधान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। एसओ दुर्गा प्रसाद शुक्ला ने बताया कि अपहरण की बात गलत है। रात से घर नहीं लौटने पर पत्नी ने पुलिस को सूचना दी थी । बीडीसी की सुरक्षा की के लिए गनर तैनात किया गया है। (संवाद)