बाराबंकी। शहर के लखपेड़ाबाग निवासी एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत दो दिन पहले हो गई थी। इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने उसके दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
लखपेड़ाबाग निवासी आकाश उर्फ अवनीश (23) पुत्र बलराम सिंह की बीते तीन जुलाई को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। आकाश एमबीए अंतिम वर्ष का छात्र था। वह शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे फीस जमा करने के लिए अपने दोस्तों के साथ चिनहट स्थित एक निजी कॉलेज गया था। शाम करीब 6 बजे उसके दोस्त गंभीर हालत में उसे लेकर घर पहुंचे।
यहां से उसे आननफानन में जिला अस्पताल लाया गया जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई आयुष कुमार सिंह की तहरीर पर मृतक के दोस्त आयुष मौर्या व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता न लगने पर बिसरा सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी। (संवाद)