सफेदाबाद (बाराबंकी)। अवैध मिट्टी खनन का विरोध करने पर खनन माफिया ने प्रधान पति व उनके समर्थकों पर एसयूवी पर चढ़ा दी। आननफानन में घायल प्रधान पति को गंभीर दशा में लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य का स्थानीय चिकित्सकों ने इलाज किया।
घटना सतरिख थाना क्षेत्र के तंदुआनी गांव की है। यहां पर भिटौली कला के पूर्व प्रधान लल्लू यादव लंबे समय से खाकी की सरपरस्ती में अवैध मिट्टी का खनन गोमती के किनारे के गांवों में करता था। बृहस्पतिवार की रात को भी पूर्व प्रधान के पुत्र शिवम यादव कई ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन के साथ तंदुआनी गांव में मिट्टी का अवैध खनन करा रहा था। इसकी सूचना मौजूदा प्रधान पति बबलू यादव को मिली। जिस पर बबलू अपने समर्थकों के साथ खनन स्थल पर पहुंच गए।
उन्होंने अवैध खनन का विरोध कर खनन करने से मना कर दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। नौबत मारपीट की आ गई। इसी बीच शिवम तैश में आकर अपनी एसयूवी बबलू व उनके समर्थक श्यामू यादव व अजय यादव आदि पर चढ़ा दी। इस घटना में प्रधान पति के सिर व कमर में गंभीर चोटें आई। वहीं अन्य समर्थक भी घायल हुए।
सूचना पर परिवारीजन व ग्रामीण आननफानन में मौके पर पहुंचे और प्रधान पति को गंभीर हालत में लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं अन्य घायलों का स्थानीय चिकित्सकों के यहां इलाज कराया गया। इधर पूर्व प्रधान का बेटा व खनन कार्य में लगे लोग मौके से भाग निकले। उधर, सतरिख थाने के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
खनन की गहरी है जड़े
सतरिख थाना क्षेत्र खनन के मामले में हमेशा सुर्खियों में रहा है। यहां पर खाकी के साए में होने वाले खनन का मामला कोई छिपा नहीं है। सूरज ढलते ही यहां पर अवैध खनन का कारोबार गोमती के किनारे होने का खेल पुराना है। कई बार खनन मामले में थाना सुर्खियों में रहा।
मगर, सफेदपोश खनन माफिया के दबाव में समय के साथ मामले दफन हो गए। हालांकि करीब एक वर्ष पहले तत्कालीन एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने अब तक खनन माफिया पर सबसे बड़ी व प्रभावी कार्रवाई की थी। जिसकी गाज तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक समेत कई पुलिस कर्मियों पर भी गिरी थी। मगर, उनके तबादले के बाद खनन माफिया फिर सक्रिय हो गए।
लंबे समय से दोनों पक्षों में चल रही रंजिश
जिले के खनन माफिया में सुमार भिटौली कला के पूर्व प्रधान लल्लू यादव व वर्तमान प्रधान पति बब्लू यादव के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। ग्रामीणों की माने तो हत्या के एक मामले में लल्लू ने बब्लू का फंसा दिया था। जिससे उसे जेल जाना पड़ा। हालांकि बाद में मामला फर्जी होने के बाद वह जेल से छूट गया था। हाल में हुए पंचायत चुुनाव में हार के बाद लल्लू व बब्लू के बीच तल्खियां और बढ़ गई थीं। बृहस्पतिवार को हुई घटना को पुरानी रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है।