जैदपुर (बाराबंकी)। हरख रेंज के वन कर्मचारियों की मनमानी के आगे सारे नियम कानून पीछे छूट गए हैं। नहर की पटरी पर लगे सरकारी पेड़ों को अपनी मनमर्जी से कटाकर लकड़ी के ठेकेदार के हाथ बेच दिए हैं। जिसकी भनक तक विभाग के अधिकारियों को नहीं लग पाई है। जबकि नहर किनारे पटरी पर लगे सरकारी पेड़ काटे जाने की शिकायत कुछ ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस से की है।
थाना क्षेत्र के बीबीपुर मार्ग पर स्थित मचौची ग्राम पंचायत की सीमा में निकली रारी नहर के किनारे लगे बबूल के करीब दस को पेड़ वन विभाग के क्षेत्रीय वन दरोगा ने एक ठेकेदार के हाथ मोटी रकम लेकर चोरी से बेंच दिया। इसके बाद ठेकेदार ने लकड़कट्टों के हाथ से सभी पेड़ बारी-बारी से कटवा लिए हैं।
इसकी नाराजगी ग्रामीणों ने जताई तो ठेकेदार आगबबूला हो गया। कहा कि वन विभाग के दरोगा को पैसे देकर पेड़ कटवा रहे हैं। इसके बाद हल्का पुलिस से कई ग्रामीणों ने किनारे लगे पेड़ काटे जाने की शिकायत की है। इसके बाद मौके पर गई पुलिस ने पेड़ काटे जाने की बात सही पाई। पुलिस को देखकर लकड़कट्टे मौके से भाग गए। (संवाद)