फतेहपुर (बाराबंकी)। ग्राम नहरवल में बच्चों के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां से दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 38 लोगों के विरुद्ध हत्या का प्रयास के साथ अन्य धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में भी लिया है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नहरवल में बुधवार रात एक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर बच्चों में झगड़ा शुरू हो गया। इसमें एक पक्ष के लालता प्रसाद व दूसरे पक्ष के राजाराम के बीच कहासुनी होने लगी और दोनों पक्षों के कई लोग एकत्र हो गए। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसमें एक पक्ष के इंद्र बहादुर, लालता प्रसाद, शिवबरन, शैलेंद्र कुमार, शिवकरन, अमित कुमार, रोहित व दूसरे पक्ष के श्रीदेवी, विमलेश कुमार, सुचित घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल शिवबरन व लालता प्रसाद को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 38 लोगों के विरुद्ध हत्या का प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। सीओ योगेंद्र कुमार ने बताया कि मारपीट के आरोप में पांच लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।