मसौली (बाराबंकी) में टोल प्लाजा में तैनात कर्मचारियों ने ट्रक चालक को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचे छोटे भाई को भी कर्मियों के कोप का शिकार होना पड़ा। आधा घंटे तक कर्मचारियों के तांडव से मौके पर भीड़ जमा हो गई। लहूलुहान ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की तहरीर पर मसौली थाने ने केस दर्ज किया गया है।
बदोसराय थाना क्षेत्र के ग्राम मेलारायगंज निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि शुक्रवार रात वह गिट्टी लेकर गोण्डा जा रहा था। तभी शहाबपुर टोल प्लाजा में तैनात कर्मचारी वाहन के ओवरलोड होने की बात कहने लगे जिस पर चालक ने कांटा पर्ची दिखाते हुए अंडरलोड होने की बात कर दोबारा तौल कराने का सुझाव दिया।
टोल पर तौल कराने पर ट्रक ओवरलोड नहीं निकला फिर भी टोलकर्मी ओवरलोड की बात पर अड़े रहे जिससे कहासुनी होनी लगी। देखते ही देखते टोल कर्मी ट्रक चालक पर टूट पड़े। बचाव करने पर खलासी का कार्य करने वाले छोटे भाई अनिल की भी पिटाई कर दी। ट्रक चालक व खलासी की पिटाई होते देख अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और बीचबचाव कर मामला शांत कराया।
घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल की तहरीर पर चार टोल कर्मियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक व टोल कर्मियों के बीच ओवरलोड को लेकर मारपीट हुई है। केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।