बाराबंकी। शहर के बेगमगंज मोहल्ले में एक किराना व्यापारी के घर का दरवाजा तोड़कर सोमवार दोपहर चोर नकदी व कीमती सामान समेट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका। यह घटना किराना व्यापारी मोहन गुप्ता के घर में हुई। मोहन ने बताया कि सोमवार दोपहर सपरिवार शहर में एक रिश्तेदार के घर गए थे। शाम करीब पांच बजे वापस आने पर घर का दरवाजा टूटा मिला। घर से दस हजार रुपये व कीमती सामान चोरी हो गया है। मोहन की घर के एक हिस्से में किराना की दुकान भी है।
एसपी आवास के पास कार का शीशा तोड़कर उड़ाए जेवरात
बाराबंकी। शहर में सक्रिय बदमाश सोमवार शाम एसपी आवास के सामने खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर कीमती जेवरात व नकदी उठा ले गए। यह घटना लखनऊ के बालागंज निवासी ऋषभ वर्मा की कार में हुई। ऋषभ ने बताया कि वह परिवार के लोगों के साथ बाराबंकी कचेहरी में एक केस के सिलसिले में आए थे। एसपी कार्यालय के पास खड़ी कार के पास शाम को लौटे तो देखा कि उसका शीशा टूूटा है। उसमें रखा बैग गायब था। बैग में 12 हजार रुपये और 50 हजार से अधिक कीमत के जेवरात थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।