बाराबंकी। बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक बालक की जान चली गई। यह घटना घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम अटहरा में हुई पुलिस के मुताबिक गांव का सोहेल (12) पुत्र कपूर चंद शनिवार गांव के बाहर दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। गांव से बाहर से निकली बिजली की हाईटेंशन लाइन काफी नीचे तक लटकी थी। उसकी चपेट में आकर सोहेल गंभीर रूप से झुलस गया।
यह देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो परिवारीजनों ने सोहेल को बिजली के तार से अलग किया। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को सीएचसी घुंघटेर ले गये जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। रविवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। उधर फतेहपुर डिवीजन के एक्सईएन रंजीत सिंह ने हादसे की जानकारी से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि एचटी लाइन के लटकते तार से हादसा हुआ तो की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।