बाराबंकी। ऑल इंडिया प्राइज मनी क्रिकेट लीग के दूसरे सेमीफाइनल में शनिवार को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने दिल्ली की टीम को लो स्कोरिंग मैच में 33 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। रविवार को फाइनल में उसका मुकाबला मेरठ क्रिकेट एसोसिएशन से होगा। फाइनल मैच में भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह मौजूद रहेंगे।
यूपीसीए के कप्तान करन शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली के गेंदबाजों ने पिच की नमी का फायदा उठाते हुए यूपीसीए को लगातार झटके दिये। एक समय 65 रनों पर यूपीसीए की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में शानू सैनी ने एक छोर संभालते हुए 49 गेंदों पर सात चौके लगाते हुए 49 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर अपनी टीम की मैच में वापसी कराई। 37 ओवर में ऑलआउट होने से पहले यूपीसीए की टीम ने स्कोर कोर्ड पर 146 रन लगा दिये थे।
दिल्ली के आसिफ मंसूरी सबसे प्रभावशाली गेंदबाज रहे। उन्होंने आठ ओवर में तीन मेडल रखते हुए मात्र 13 रन खर्च करके चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली टीम के बल्लेबाजों ने बेहद गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपने विकेट गवाएं। मात्र पांच रनों पर ही उसके तीन विकेट गिर गए थे।
टीम की ओर से सिर्फ राजा खान ही 56 रनों की बढ़िया पारी खेल सके। पूरी टीम मात्र 113 रन बनाकर ढेर हो गई। शानदार गेंदबाजी कर अपनी टीम को जीत दिलाने वाले गेंदबाज शिवा सिंह को मोहम्मद रफी ने ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया।