बाराबंकी। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बाराबंकी के तत्वावधान में आयोजित 54वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन, लखनऊ संभागीय तीन दिवसीय खेलकूद समारोह का शुभारंभ सोमवार को डीएम शशांक त्रिपाठी ने झंडारोहण के साथ किया। स्थानीय केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित खेल महोत्सव में लखनऊ संभाग के छह संकुलों के 31 विद्यालयों के 250 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे है।
आयोजन के पहले दिन क्रिकेट में अंडर-14 बालक वर्ग एवं बैडमिंटन अंडर-14, 17 और 19 बालक वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित हुई। अंडर-14 क्रिकेट मैच में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बाराबंकी के छात्र पंकज यादव ने शानदार खेल दिखाते हुए अर्धशतक जड़कर केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर को हराकर अपनी टीम को जिताने में अहम योगदान दिया।
अन्य मैचों में केंद्रीय विद्यालय कानपुर कैंट ने अलीगंज प्रथम पाली को हराया, जबकि केंद्रीय विद्यालय सीतापुर शिफ्ट-वन ने अलीगंज द्वितीय टीम को पराजित किया। वहीं बैडमिंटन के अंडर-14 वर्ग में केंद्रीय विद्यालय सुमेरपुर ने इफको आंवला बरेली को मात दी। चकेरी वन ने एयर फोर्स स्टेशन बरेली को दो-एक से हराया। बाराबंकी ने शाहजहांपुर कैंट पर जीत हासिल की, जबकि गोमती नगर प्रथम टीम और नानपारा के बीच मुकाबला टाई रहा। अंडर-17 वर्ग में लालगंज की टीम ने चकेरी टू को दो-एक से मात दी।