त्रिवेदीगंज। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में बृहस्पतिवार रात दरवाजे के सामने पानी बहने के मामूली विवाद में रज्जू उर्फ राजू (50) की पीटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उनकी पत्नी माया देवी (48) और छोटे भाई जमुना प्रसाद (35) भी घायल हो गए। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई पवन सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर रज्जू उर्फ राजू के पड़ोसी पवन कुमार पाइप लगाकर घर के बाहर लगे नल से पानी अपने घर के अंदर ले जा रहे थे। पाइप फटी होने के कारण पानी राजू के दरवाजे के सामने बहने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद हुआ। शाम को राजू लोनीकटरा थाने पहुंचे और तहरीर देकर पवन व उनकी पत्नी पर पिटाई का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके सिर व कंधे में चोटें आई थीं।
पुलिसकर्मियों ने राजू को घर जाने और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद रात करीब पौने 10 बजे दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। मृतक की पत्नी माया देवी का आरोप है कि पवन पक्ष के लोगों ने उनके पति, देवर और उन पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में राजू को गंभीर चोटें आईं। 112 नंबर पर सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंच गई। घायल राजू, उनकी पत्नी माया देवी और छोटे भाई जमुना को सीएचसी त्रिवेदीगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने बताया कि चचेरे भाई पवन कुमार, उनकी पत्नी ऊषा, मनोज कुमार, उनकी पत्नी रेखा और पवन की मां सरयू देवी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पवन को छोड़कर बाकी सभी आरोपी हिरासत में हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मृतक के सिर में गंभीर चोट आने से मौत की पुष्टि हुई है।
पापा...पापा चिल्लाती रही वैष्णवी, ऋतिक व सौम्या
राजू की हत्या के बाद उनके परिजनों में पूरा दिन चीख-पुकार मची रही। इनके तीन बच्चे वैष्णवी (12), ऋतिक (7) व सौम्या (3) बार बार पापा...पापा कहकर बेसुध हो रहे थे। करुण क्रंदन सुनकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गई। सभी यही चर्चा कर रहे थे कि त्योहार के मौके पर मामूली बात को लेकर दो परिवार बर्बादी के रास्ते में चले गए।