बाराबंकी। गरीबों को आशियाना देने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। नगर पंचायत के ठठेरहा वार्ड की लाभार्थी पूनम ने वार्ड सभासद शिवा और उनके पिता विश्वनाथ पर आवास की अगली किस्त जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये की घूस मांगने का आरोप लगाया है।
पीड़िता पूनम ने एसडीएम अनुराग सिंह को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि उसके आवास की दीवारें खड़ी हो चुकी हैं, लेकिन छत ढलना बाकी है। आरोप है कि सभासद और उनके पिता लगातार रुपयों की मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर उन्होंने तहसील के बड़े अधिकारियों से सांठगांठ का हवाला देते हुए किस्त रुकवाने और निर्माणाधीन आवास गिरवाने की धमकी दी है।
पीड़िता के पास इस धमकी का ऑडियो साक्ष्य भी मौजूद है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने एसएचओ दयाशंकर द्विवेदी को जांच कर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। इस बीच, प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि योजना में अवैध वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जेल भेजने के निर्देश दिए हैं।