बाराबंकी। कोरोना की रफ्तार हर दिन बढ़ती जा रही है। शनिवार शाम आई जांच रिपोर्ट में 18 और पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। अब एक्टिव केस 49 हो गए हैं। वहीं, दो लोगों के स्वस्थ होने का दावा भी किया गया है। वहीं, संक्रमण से निपटने की तैयारियां कागजों तक ही सीमित दिख रहीं हैं। संक्रमण वाले इलाकों में सैनिटाइजेशन नहीं कराया जा रहा है। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों का सैंपल भी नहीं लिया जा रहा है। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शनिवार को जिले में 568 लोगों ने कोरोना की जांच कराई। शाम को आई रिपोर्ट में जाटा बरौली में चार, बडागांव में चार, शहरी क्षेत्र में चार, दरियाबाद में दो, घुंघटेर में एक, फतेहपुर में एक, टिकैतनगर में एक और रामसनेहीघाट में एक पॉजिटिव पाया गया है। सूत्रों का कहना है कि होम आइसोलेट कराए जा रहे लोगों से सिर्फ फोन से ही संपर्क रखा जा रहा है। इनके इलाके में न तो छिड़काव कराया जा रहा है और न ही इनके संपर्क में आने वालों की जांच कराई जा रही है। सही से जांच कराई जाए तो प्रतिदिन मिलने वाले मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है। वहीं, कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित अस्पतालों में तैयारियों का जायजा लेने तक अफसर नहीं पहुंच रहे हैं।
कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि सतर्क रहें और भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें। घर से बाहर निकलें तो मास्क लगा लें। हाथों को सैनिटाइज करते रहें। अस्पतालों मेें तैयारियां पूरी हैं। अभी कोई मरीज ऐसा नहीं मिला जिसे अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत हो।
डॉ. डीके श्रीवास्तव, एसीएमओ/ नोडल अधिकारी (कोविड)