बाराबंकी। कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही कमी हुई तो लेकिन मौतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को कोरोना से आठ और लोगों की जान चली गई। जिले में अब तक 176 लोगों की मौत हो चुकी है। देरशाम आई जांच रिपोर्ट में 121 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, इनमें से ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
रामनगर क्षेत्र के करसा गांव निवासी एक अधेड़ की कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर मौत हो गई। परिवारीजनों ने बताया कि जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव आने के बाद होम आइसोलेशन में रख उपचार किया जा रहा था। रविवार को हालत बिगड़ने पर उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। सत्यप्रेमी नगर मोहल्ले की रहने वाली एक महिला की मेयो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं हैदरगढ़ के रहने वाले एक व्यक्ति की भी मेयो अस्पताल में मौत हो गई। परिवारीजनों ने बताया कि हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जाटा बरौली निवासी एक अधेड़ की मौत हिंद अस्पताल में हो गई। बड़ेल की रहने वाली एक महिला की तथा सफेदाबाद निवासी एक व्यक्ति की हिंद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवारीजनों ने बताया कि चार दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हैदरगढ़ और अरियामऊ में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस प्रकार जिले में कोरोना से 176 लोगों की मौत हो चुकी है। देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 121 और पॉजिटिव पाए गए हैं इनमें से ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सीएचसी पर लगीं ट्रूनेट मशीनें
कोरोना की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट देरी से आने से लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए सीएचसी रामनगर, हैदरगढ़, फतेहपुर, रामसनेहीघाट और सिरौलीगौसपुर में ट्रूनेट जांच मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों से जांच कराकर लोग कोरोना की जानकारी ले सकेंगे की वजह पॉजिटिव हैं या निगेटिव। इसके लिए आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट का इंतजार नहीं करना होगा। इन मशीनों से की गई जांचों से सही जानकारी मिल सकेगी।
कोरोना जांच को लेकर चला अभियान
गांवों में संक्रमित हो रही लोगों की जांच के लिए रविवार को गांवों में अभियान चलाकर लोगों की जांच की गई। सिद्वौर क्षेत्र के अमसेरुवा, टिकरिया, नूरपुर में करीब 45 लोगों की जांच की गई। फतेहपुर के नंदरासी, खपुरवा खानपुर, लहसी, बन्नी सलेमाबाद में लोगों की जांच की गई। सिरौलीगौसपुर के बदोसरायं, किंतूर, केवलापुर, धूसेडिया, बरौलिया आदि में 33 लोगों की जांच की गई। त्रिवेदीगंज और सोनिकपुर में 125 लोगों की जांच हुई। इसी प्रकार पेचरुआ, शहरी इस्लामपुर, गोतौना, मरुई में 121 लोगों की जांच की गई।
जिले में अलग-अलग स्थानों पर कोरोना से आठ लोगों की मौत की सूचना मिली है। संबंधित क्षेत्र के सीएचसी अधीक्षकों को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। संक्रमण की रफ्तार भले कम हुई हो लेकिन लोगों से अपील की जाती है कि वह इसे हल्के में न लें और अपने घरों में रहे तथा सुरक्षित रहें। यदि जरा सा भी तकलीफ होती है और कोरोना जैसे लक्षण महसूस होते हैं तो तुरंत जांच कराए और अपने चिकित्सक से सलाह लेकर दवाएं लें। डॉ. बीकेएस चौहान, सीएमओ