बाराबंकी। जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण थम नहीं रहा है। संक्रमण से एक बार फिर जिला जेल में हड़कंप मच गया जहां एक साथ 11 बंदी पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें अलग बैरक में रखा गया है। बंदियों के साथ ही मंगलवार को जनपद में 73 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उनमें हैदरगढ़, रामसनेहीघाट व सूरतगंज सीएचसी, टीबी क्लीनिक, हिंद अस्पताल और फतेहपुर तहसील के कर्मचारी भी शामिल हैं। संक्रमण की पुष्टि के बाद सभी सीएचसी, अस्पताल व तहसील कार्यालय परिसर का सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।
जिला जेल के बंदियों की जांच में 11 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल में अब 55 बंदी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। जेल अधीक्षक हरिबख्श सिंह ने बताया कि संक्रमित पाए गए सभी बंदियों को अलग बैरक में रखा गया है। इसके साथ सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। जेल के साथ अस्पतालों के कर्मचारी भी लगातार संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को सीएचसी सूरतगंज के दो, हैदरगढ़ तथा रामसनेहीघाट में एक-एक कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया। उधर फतेहपुर तहसील का एक कर्मचारी, टीबी क्लीनिक का एक और सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल के दो कर्मचारी भी संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
इसके अलावा हरख क्षेत्र के बैसनपुरवा में तीन, सूरतगंज के बिझला में दो, राजपुर में एक, मुंशीगंज में एक, नसीमपुर में एक, टेटरा में एक, लखपेड़ाबाग में चार, सरावगी में एक, रामनगर में दो, चौकाघाट में एक, कदिराबाद में एक, दीक्षितनगर में एक, नाका सतरिख में एक, गायत्रीनगर में एक, आजादनगर में दो, खरे निकेतन सत्यप्रेमीनगर में तीन, दशहराबाग में एक, बड़ेल चौराहे पर एक, जैदपुर के मुरलीगंज में एक, आलापुर में एक, कृष्णानगर में एक, उजरवारा पुरवा में एक, आदमपुर में एक, टिकैतगंज में एक, जफरपुर में एक, पखरपुर त्रिवेदीगंज में दो, रज्जाकपुर में एक, मुबारकपुर में एक, सुभाषनगर में एक समेत 73 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ज्यादातर होम क्वारंटीन में हैं।