बाराबंकी। जिले में कोरोना के संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो पा रही है। इसकी चपेट में कर्मचारी व अधिकारी भी आ रहे हैं। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में त्रिवेदीगंज सीएचसी के अधीक्षक, बंकी ब्लॉक की बीडीओ, विनियमित क्षेत्र के कर्मचारी समेत 73 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमितों में एक सप्ताह पूर्व सऊदी अरब से आया एक युवक भी शामिल है। इनमें से ज्यादातर संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। ब्लॉक कार्यालय व सीएचसी को बंद कर सैनिटाइज कराया जा रहा है।
कोरोना की सोमवार को आई जांच रिपोर्ट के मुताबिक त्रिवेदीगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ. महमूद खां संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल को 24 घंटे के लिए बंद कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। अन्य कर्मचारियों की जांच कराई जा रही है। ब्लॉक ब्लॉक बीडीओ सरिता भी जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इसके बाद डीडीओ ने बंकी ब्लॉक कार्यालय को बंद कर सैनिटाइज कराने के आदेश दिए हैं। उधर सदर तहसील स्थित विनियमित क्षेत्र कार्यालय का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जेई एसबी गुप्ता ने बताया कि कार्यालय को 24 घंटे के लिए बंद कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। करपिया गांव का एक युवक आठ अगस्त को सऊदी अरब से लौटा था। उसकी जांच हुई तो कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
इसके अलावा फतेहपुर क्षेत्र के काजीपुर में आठ, देवकलिया में एक, ब्राह्मणी टोला में चार, बनार में एक, बुधियापुर में एक, कोटवाकला में एक, पीएचसी पूरेकूबरे में सात, हैदरगढ़ ब्लॉक में एक, गोसूपुर में एक, सूरतगंज में एक, रानीकटरा में एक, अनूपगंज में एक, बबुरिहा में एक, बंकी में एक, हजरतपुर में एक, टिकैतगंज में 6, मेयो अस्पताल में एक, लक्ष्मणपुरी में तीन, सरस्वती विहार में एक, गदिया में एक, बरौली में एक, जमुआ गडिया में छह, बांसा में दो, गांधीनगर में चार, लखपेड़ाबाग में चार, तारापुर में पांच, मयूर विहार कालोनी में पांच, बाल विहार कॉलोनी में दो, विनावा गांव में दो, किला दरवाजा सुबेहा में एक, जियनपुर में एक, भिटरिया में एक, सत्यप्रेमीनगर में दो, शांतिपुरम में एक समेत 73 लोग और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।