बाराबंकी। जिले में कोरोना का संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। इसके साथ ही लोगों में दहशत बढ़ रही है। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में शहर कोतवाली के एक सिपाही, सेना के दो जवान, एक महिला समेत 39 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सेना के जवान और महिला को उपचार के लिए कमांड अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया है। वहीं पीएसी का एक और जवान भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है। पॉजिटिव मिले लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के अनुसार सेना के दो जवान तथा एक महिला, शहर कोतवाली का एक सिपाही, पीएसी का एक जवान तथा लखपेड़ाबाग के रहने वाले पूर्व प्रधान के संपर्क में आने से चार और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पल्हरी का एक युवक भी संक्रमण की चपेट में आ गया है। इसके अलावा हैदरगढ़ के खरसतिया गांव के रहने वाले तीन और लोग कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इस गांव के बीमा एजेंट की कोरोना से मौत हो चुकी है।
इसके अलावा इसी क्षेत्र के भितुआमऊ के सात, टिकैतनगर के खेमापुर बस्तौली का एक, पल्हरी चौराहे का एक, कानूनगोयान का एक, आवास विकास कॉलोनी का एक, देवा के मुज्जफरमऊ का एक, त्रिवेदीगंज के मियां का पुरवा का एक, बाल बिहार कालोनी का एक, मुंशीगंज मोहल्ले का एक, सुल्तानपुर रोड गढ़ी गांव के एक व्यक्ति समेत 39 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
सिरौलीगौसपुर के किंतूर गांव के रहने वाले दो सगे भाई अपने पिता के साथ मुंबई में रहते थे। गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दोनों 24 जुलाई को मुंबई से आए थे। शादी समारोह में शामिल होने के साथ कई लोगों से मिले। दोनों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनसे मिलने वालों में हड़कंप मच गया है।