जहांगीराबाद (बाराबंकी)। क्षेत्र स्थित ग्राम बन्नी में मंगलवार रात शराब के नशे में धुत बराती व जनातियों में कपड़े लाने को लेकर विवाद हो गया। वधू पक्ष वालों ने शादी से मना करते हुए दूल्हे सहित बरातियों को खदेड़ दिया। इसके बाद रात करीब दो बजे पीड़ित दूल्हा व पिता ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझा कर बुधवार सुबह विवाह संपन्न कराया।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बन्नी निवासी रामपाल ने अपनी पुत्री गोल्डी की शादी कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम जयगुरुपुरवा निवासी अम्बिका प्रसाद के पुत्र अंकित के साथ तय की थी। मंगलवार रात द्वारपूजा के दौरान परिवारीजन कपड़े, साड़ियां व आभूषण लेकर वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंचे। लड़के के पिता अम्बिका प्रसाद का आरोप है कि लड़की वालों ने साड़ियों का कम होना बताकर आभूषण अपने कब्जे में लेकर शादी करने से मना कर दिया और दरवाजे से भगा दिया।
वहीं लड़की के पिता रामपाल का आरोप है कि तिलक में उसके द्वारा दी गयी साड़ियां ही लेकर आये थे। कहने पर लड़के के मामा श्यामू जो शराब के नशे में था बवाल करने लगा और बरात वापस लौटा ले जाने की धमकी देने लगा। धमकी को सुन कर मंडप में बैठे जनाती भी अपना आपा को बैठे और बरातियों को खदेड़ दिया।
इसके बाद पीड़ित दूल्हे के पिता की तहरीर पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराते हुए पंडित को बुला कर बुधवार सुबह शादी की रस्म अदा कराई। इसके बाद दुल्हन विदा होकर ससुराल जा सकी।